कोल्हान के पूर्व कमिश्नर एवं सेवा निवृत्त IAS अधिकारी विजय कुमार सिंह ने हाल ही में घटित जघन्य हत्या की साजिश पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि अब समय आ गया है कि भारत निर्णायक कदम उठाए।
विजय कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा कि सबसे पहले भारत को संबंधित देश के साथ राजनयिक संबंध पूरी तरह समाप्त कर देने चाहिए। इस घिनौने षड्यंत्र में शामिल सभी अपराधियों को ऐसी कठोर सजा दी जानी चाहिए, जिससे भविष्य में कोई भारत के खिलाफ गुस्ताखी करने का साहस न कर सके।
उन्होंने कहा कि इस घटना में हुई इंटेलिजेंस फेलियर की जवाबदेही तय होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी चूकें न दोहराई जाएं। पूर्व कमिश्नर विजय कुमार सिंह ने यह भी कहा कि भारत को अब अपने गौरव, गुलाम कश्मीर को पुनः अपने कब्जे में लेने के लिए तैयार रहना चाहिए, चाहे इसके लिए युद्ध ही क्यों न करना पड़े। उन्होंने इसे अखंड भारत के सपने को साकार करने की दिशा में पहला और ऐतिहासिक कदम बताया।
उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि वह इस मुद्दे पर विश्व के अधिक से अधिक देशों का समर्थन प्राप्त करे, ताकि भारत का पक्ष वैश्विक स्तर पर मजबूती से रखा जा सके। विजय कुमार सिंह ने देश के भीतर छिपे हुए जिहादी तत्वों को चिन्हित करने की भी आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है, कोई भी बड़ी आतंकी घटना स्थानीय सहयोग के बिना संभव नहीं होती। विजय कुमार सिंह ने अंत में कहा कि अब भारत को अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए कड़ी, स्पष्ट और ठोस कार्रवाई करनी ही होगी, ताकि देशवासियों का आत्मविश्वास और सम्मान अक्षुण्ण बना रहे।
|